सतना में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा निकली, जयघोष और पुष्पवर्षा से भक्तिमय हुआ शहर

सतना। शहर में शनिवार को भगवान श्री जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन माता सुभद्रा की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। जय स्तंभ चौक से वैदिक मंत्रोच्चार, हरिनाम संकीर्तन और गाजे-बाजे के बीच यात्रा का शुभारंभ हुआ। भगवान का रथ नगर भ्रमण के लिए रवाना होते ही पूरा शहर “जय जगन्नाथ” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं में रथ खींचने को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया और रस्सी पकड़ने के लिए होड़ मच गई।

रथ यात्रा जय स्तंभ चौक से प्रारंभ होकर स्टेशन रोड, सर्किट हाउस, ओवरब्रिज, सिविल लाइन और पन्ना नाका होते हुए होटल यूएसए के समीप स्थित इस्कॉन मंदिर पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ। इस दौरान हजारों श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए रथ के साथ चलते रहे और पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

यात्रा मार्ग पर विभिन्न धार्मिक, सामाजिक, व्यापारी एवं सेवा संगठनों ने स्वागत मंच लगाए। भगवान श्री जगन्नाथ की पुष्पवर्षा कर अगवानी की गई। श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह शरबत, पेयजल, फल और महाप्रसाद की व्यवस्था की गई थी। आकर्षक सजावट और धार्मिक झांकियों ने यात्रा की भव्यता को और बढ़ा दिया।

इस्कॉन मंदिर पहुंचने पर भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया गया।
इस्कॉन मंदिर के प्रभारी भागवत दास ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रेम, समरसता, सेवा और भक्ति का संदेश देने वाला महापर्व है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की बढ़ती सहभागिता से यह आयोजन हर वर्ष अधिक भव्य और दिव्य स्वरूप में आयोजित हो रहा है।









