Edition

जेल में तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती बंदी की मौत, प्रशासन ने कराई मजिस्ट्रियल जांच,सतना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सतना। जिले की केंद्रीय जेल में न्यायिक अभिरक्षा में बंद एक विचाराधीन बंदी की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। बंदी की तबीयत जेल में अचानक बिगड़ने पर उसे देर रात अस्पताल ले जाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को नियमानुसार मजिस्ट्रियल जांच के बाद डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया।

मृतक की पहचान ग्राम झाली निवासी 40 वर्षीय मन्नू उर्फ मनोज सिंह के रूप में हुई है। कोठी थाना पुलिस ने उसे 2 जुलाई को विभिन्न धाराओं एवं एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज प्रकरण में गिरफ्तार किया था। विशेष न्यायालय (एससी-एसटी एक्ट) में पेशी के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया था।

जेल प्रशासन के अनुसार, 23 जुलाई की शाम मन्नू उर्फ मनोज सिंह ने उल्टी और पेट दर्द की शिकायत की थी। इसके बाद उसे तत्काल जेल चिकित्सालय में भर्ती कर प्राथमिक उपचार दिया गया। उपचार के बाद उसने कुछ राहत महसूस होने की बात कही, लेकिन एहतियात के तौर पर उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया।

रात में पलंग से गिरा, अस्पताल में हुई मौत,जेल प्रशासन के मुताबिक, रात करीब 11 बजे वह अचानक अपने पलंग से नीचे गिर पड़ा। इसके बाद उसे ऑक्सीजन सपोर्ट के साथ जेल सुरक्षा बल की अभिरक्षा में रात 11:15 बजे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान रात 11:36 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद नियमानुसार मजिस्ट्रियल जांच कराई गई। शुक्रवार को जिला अस्पताल में डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह, अधिकारियों के अनुसार, बंदी की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल मामले में नियमानुसार जांच की प्रक्रिया जारी है।

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!