Edition

खेसारी लाल यादव पर साइबर केस दर्ज, अंजना सिंह ने लगाए गंभीर आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है. एक्ट्रेस अंजना सिंह ने खेसारी लाल यादव और उनसे जुड़े कुछ लोगों के खिलाफ लखनऊ साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है. अंजना का आरोप है कि सोशल मीडिया पर उनकी और उनकी 11 साल की बेटी की एआई (AI) से बनाई गई अश्लील तस्वीरें वायरल की गईं. यही नहीं, उन्हें और उनकी बेटी के लिए अभद्र टिप्पणियां की गईं. इसके अलावा जान से मारने की धमकी भी दी गई.

मुश्किलों में खेसारी
अंजना सिंह ने शिकायत में खेसारी लाल यादव के अलावा उनके मैनेजर, फिल्म लेखक अखिलेश कश्यप, कृष्णा बेदर्दी और संजय यादव के नाम भी शामिल किए हैं. उन्होंने कई सोशल मीडिया अकाउंट्स का नाम लेते हुए दावा किया कि उनके खिलाफ प्लानिंग करके ऑनलाइन अभियान चलाया गया है. मामले को लेकर अंजना ने कहा कि वो पोस्ट, वीडियो और स्क्रीनशॉट सहित डिजिटल सबूत पुलिस के सामने पेश करेंगी.

अंजना सिंह का कहना है कि हाल ही में एक पॉडकास्ट में उन्होंने खेसारी लाल यादव को लेकर अपनी व्यक्तिगत राय रखी थी. इसके बाद सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट और ट्रोलिंग शुरू हो गई. उनका आरोप है कि इस अभियान में उनकी नाबालिग बेटी को भी निशाना बनाया गया, जिससे परिवार को मानसिक और सामाजिक पीड़ा का सामना करना पड़ा.

अंजना सिंह ने साइबर क्राइम पुलिस से इंस्टाग्राम, यूट्यूब और फेसबुक जैसी सोशल मीडिया कंपनियों को नोटिस जारी कर डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखने की मांग की है. उनका कहना है कि इससे आईपी एड्रेस, लॉगिन डिटेल, डिवाइस और अन्य तकनीकी रिकॉर्ड जुटाकर मामले की निष्पक्ष जांच की जा सकेगी.

अंजना सिंह और खेसारी लाल यादव के बीच विवाद पहले भी चर्चा में रहा है. हालिया पॉडकास्ट में अंजना द्वारा दिए गए बयानों के बाद यह विवाद फिर सुर्खियों में आ गया. वहीं इस मामले में खेसारी लाल यादव या उनके प्रतिनिधियों की ओर से शिकायत पर फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

अब देखते हैं कि पूरे विवाद पर खेसारी लाल यादव अपना पक्ष किस तरह सामने रखते हैं.

Aditya
Author: Aditya

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!