Edition

शिक्षा सुधार की मांग को लेकर छात्रों का पैदल मार्च, कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मैहर। शिक्षा व्यवस्था में सुधार और परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने की मांग को लेकर मंगलवार शाम मैहर में छात्रों ने शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकाला। सतना रोड से शुरू हुआ यह मार्च करीब एक किलोमीटर तक चला और कलेक्ट्रेट पहुंचकर समाप्त हुआ, जहां छात्रों ने डिप्टी कलेक्टर आशिमा पटेल को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।

यह पैदल मार्च छात्र नेता अमन चौरसिया के नेतृत्व में आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में शामिल विद्यार्थियों ने शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं पर चिंता जताते हुए कहा कि पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं और बोर्ड परीक्षाओं में गड़बड़ियां युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही हैं। उन्होंने इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई की मांग कीl

छात्रों ने अपने ज्ञापन में स्पष्ट किया कि यह आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और गैर-राजनीतिक है। इसका उद्देश्य केवल विद्यार्थियों की समस्याओं को लोकतांत्रिक तरीके से प्रशासन के सामने रखना और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में सकारात्मक पहल करना है।

ज्ञापन में छात्रों ने प्रतियोगी एवं बोर्ड परीक्षाओं में पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने, पेपर लीक जैसी घटनाओं पर कठोर कार्रवाई करने, विद्यार्थियों की शिकायतों के लिए प्रभावी शिकायत निवारण तंत्र विकसित करने, शिक्षा सुधार में छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य और शैक्षणिक दबाव को कम करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

छात्रों ने प्रशासन से अपेक्षा जताई कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, भरोसेमंद और छात्र हितैषी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!