मैहर। जिले में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में लापरवाही पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट बिदिशा मुखर्जी ने नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-1 अरकंडी में वर्षों से जमा कचरे का निष्पादन नहीं होने और निर्धारित नियमों के पालन में लापरवाही पाए जाने पर नगर पालिका अध्यक्ष, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) तथा रेमकी कंपनी (एनएसडब्ल्यू होल्डिंग लिमिटेड) के प्रोजेक्ट मैनेजर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

नोटिस में कहा गया है कि अरकंडी क्षेत्र में लंबे समय से पड़े लिगेसी वेस्ट का शत-प्रतिशत निष्पादन अब तक नहीं किया गया है। साथ ही नए कचरे के प्रबंधन में भी निर्धारित व्यवस्था का पालन नहीं हो रहा है, जिससे ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों और कंपनी को 10 दिनों के भीतर अरकंडी क्षेत्र से समस्त पुराने कचरे को हटाकर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि भविष्य में अरकंडी क्षेत्र में प्राइमरी और सेकेंडरी वेस्ट किसी भी स्थिति में नहीं डाला जाएगा।

कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा में निर्देशों का पालन नहीं किया गया, तो संबंधित अधिकारियों और कंपनी के विरुद्ध सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट (एसडब्ल्यूएम) रूल्स-2026 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई को जिले में स्वच्छता व्यवस्था सुधारने और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
— रेवांचल रोशनी,साहस सच कहने का









