सतना। सतना और रीवा संभाग में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 48 घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से मिल रही नमी तथा सक्रिय मानसूनी सिस्टम के प्रभाव से क्षेत्र में अच्छी बारिश होने के आसार हैं।

मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहे और रात करीब 8 बजे के बाद जिले के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर तेज बारिश दर्ज की गई। पिछले दो दिनों से हो रही रुक-रुककर बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है तथा तापमान में गिरावट आने से मौसम सुहावना बना हुआ है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून ट्रफ लाइन बंगाल की खाड़ी से पूर्वी मध्य प्रदेश होते हुए राजस्थान तक फैली हुई है। इसके साथ ही मध्य भारत के ऊपर सक्रिय ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) के कारण अगले दो दिनों तक सतना और पूरे रीवा संभाग में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े न होने तथा गरज-चमक के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
इस मानसून सीजन में 1 जून से 20 जुलाई तक सतना जिले में करीब 13 इंच वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य औसत से लगभग ढाई इंच कम है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी बारिश से वर्षा की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है।
जिले में अब तक बिरसिंहपुर में सबसे अधिक 18 इंच वर्षा दर्ज की गई है। इसके अलावा रघुराज नगर में 16.5 इंच, रामपुर बघेलान में 14.5 इंच, मझगवां में 14 इंच, नागौद में 12.5 इंच, सोहावल में 11.5 इंच, उचेहरा में 9.5 इंच और जसों में 5 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है।

लगातार कम बारिश से खरीफ फसलों, विशेषकर धान और सोयाबीन की खेती प्रभावित होने की आशंका थी। ऐसे में मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान से किसानों को राहत की उम्मीद जगी है। अच्छी बारिश होने पर खेतों में पर्याप्त नमी पहुंचेगी, फसलों की बढ़वार बेहतर होगी और जलाशयों, तालाबों व नदी-नालों के जलस्तर में भी वृद्धि होने की संभावना है।
— रेवांचल रोशनी,साहस सच कहने का









