सिहावल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिहावल विधानसभा क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए दो महत्वपूर्ण सौगातें दी हैं। मुख्यमंत्री ने सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक को पत्र के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।

पहले निर्णय के तहत उप स्वास्थ्य केंद्र सरौंधा का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में उन्नयन किया गया है। इस उन्नयन से सरौंधा सहित आसपास के कई गांवों के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। अब तक उपचार के लिए लोगों को लगभग 20 किलोमीटर दूर देवसर जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त लागत आती थी।

दूसरी बड़ी सौगात के रूप में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहरी का 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल में उन्नयन किया गया है। इससे बहरी और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को आधुनिक एवं बेहतर उपचार की सुविधा मिलेगी। पहले गंभीर मरीजों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय सीधी रेफर करना पड़ता था, लेकिन अब अधिकांश उपचार बहरी के सिविल अस्पताल में ही संभव हो सकेगा।
क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और विधायक विश्वामित्र पाठक के इस प्रयास का स्वागत करते हुए इसे सिहावल विधानसभा की स्वास्थ्य व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। इन दोनों फैसलों से हजारों लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।









