सतना। जिले में रविवार दोपहर बिड़ला सीमेंट फैक्ट्री के रोपवे से जुड़ा एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नैना सगमनिया की खदानों से फैक्ट्री तक चूना पत्थर ढुलाई के दौरान रोपवे की एक ट्रॉली अचानक टूट गई। इसके बाद क्रमशः तीन ट्रॉलियां सड़क पर गिर पड़ीं। गनीमत रही कि घटना के समय नीचे से कोई राहगीर या वाहन नहीं गुजर रहा था, जिससे जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रॉलियों के गिरते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने बताया कि रोपवे के ठीक नीचे से ग्रामीणों के आवागमन की सड़क गुजरती है, ऐसे में यदि हादसा कुछ देर पहले या बाद में होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
स्थानीय नागरिकों ने रोपवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण और वाहन गुजरते हैं, इसलिए रोपवे का नियमित निरीक्षण और रखरखाव सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
फिलहाल इस हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित कंपनी से रोपवे की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है।










