बेटी की हत्या कर खेत में दफनाया, तीन महीने बाद खुला सनसनीखेज राज.

मध्य प्रदेश के भोपाल जिले के अंतर्गत आने वाले देहात इलाके से अंधविश्वास और लालच की एक ऐसी हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय रिश्तों को शर्मसार करके रख दिया है। यहां एक कलयुगी पिता ने गड़े हुए धन को पाने के लालच में अपनी ही नाबालिग बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। जिले के सूखीसेवनिया थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझाकर मुख्य आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस द्वारा इस अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए बताया गया कि, आरोपी पिता ने गड़े धन को हासिल करने के अंधविश्वास के चलते अपनी नाबालिग बेटी की बलि देने की साजिश रची थी। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के लिए उसने अपने दो अन्य साथियों को भी शामिल किया। आरोपियों ने पहले मासूम बेटी के सिर पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रुप से घायल किया। इसके बाद जब वो बेसुध हो गई तो उसका गला दबाकर हत्या कर दी।









