Edition

प्रशासन से निराश कांग्रेस नेता ने कलेक्टर को लिखा पत्र, जनसमस्याएं नहीं सुलझीं तो मुझे ही जेल भेज दीजिए…….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सतना। चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र की मझगवां तहसील में सड़क, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर प्रशासनिक उदासीनता का आरोप लगाते हुए किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं कांग्रेस नेता आशुतोष द्विवेदी ने जिला कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस को एक भावनात्मक पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए यहां तक लिखा कि यदि जनसमस्याओं का समाधान नहीं हो सकता, तो उन्हें ही जेल भेज दिया जाए।

पत्र के अनुसार, मझगवां नगर की मुख्य सड़क पिछले कई महीनों से अधूरी पड़ी है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा पेयजल संकट, बस स्टैंड पर सार्वजनिक शौचालय में ताला, सब्जी मंडी की बदहाल स्थिति, जलभराव और यातायात अव्यवस्था जैसे मुद्दों का भी उल्लेख किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार शिकायतों के बावजूद स्थानीय प्रशासन ने समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया।

आशुतोष द्विवेदी ने पत्र में लिखा कि यदि जनता की आवाज उठाना अपराध है, तो प्रशासन उन्हें जेल भेज दे। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो जनता का आक्रोश बड़े आंदोलन का रूप ले सकता है।

कांग्रेस नेता ने कलेक्टर से पांच प्रमुख मांगें भी रखीं, जिनमें अधूरी सड़क का शीघ्र निर्माण, बस स्टैंड के सार्वजनिक शौचालय को चालू कराना, बस स्टैंड पर पुलिस जवानों की तैनाती, सब्जी मंडी में सड़क निर्माण तथा पेयजल समस्या का तत्काल समाधान शामिल है।

यह पत्र अब जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, पत्र में लगाए गए आरोपों और मांगों पर जिला प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Amit Mishra
Author: Amit Mishra

Group Editor, Rewanchal Roshni News Group

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!