Edition

एक्सपायरी दवा से नवजात की मौत का आरोप! सार्थक हॉस्पिटल के बाहर परिजनों का हंगामा……

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

तीन दिन के नवजात की मौत के बाद फूटा परिजनों का गुस्सा…..

 

एक्सपायरी इंजेक्शन लगाने का दावा, दस्तावेजों में भी गड़बड़ी का आरोप; एफआईआर की मांग……..

सतना। शहर के निजी सार्थक हॉस्पिटल में तीन दिन के नवजात की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। परिजनों का दावा है कि इलाज के दौरान बच्चे को एक्सपायरी इंजेक्शन लगाया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने अस्पताल के रिकॉर्ड में भी गंभीर गड़बड़ी होने का आरोप लगाया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई।

जानकारी के अनुसार, टिकुरिया टोला निवासी अनिल गुप्ता की पत्नी ने 12 जुलाई को चित्रकूट अस्पताल में सामान्य प्रसव से पुत्र को जन्म दिया था। जन्म के बाद नवजात की तबीयत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए सार्थक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में इलाज के दौरान लापरवाही बरती गई और कुछ ही समय बाद नवजात की मौत हो गई।

मृत्यु के बाद परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। उनका आरोप है कि अस्पताल में एक्सपायरी इंजेक्शन और दवाओं का इस्तेमाल किया जा रहा था। उनका कहना है कि अस्पताल परिसर में ऐसी दवाइयां भी मिलीं जिनकी वैधता समाप्त हो चुकी थी। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

 

परिजनों ने अस्पताल के दस्तावेजों में भी गंभीर अनियमितता का आरोप लगाया। उनका कहना है कि तीन दिन के नवजात लड़के को अस्पताल के पर्चे में एक माह की बच्ची दर्ज कर दिया गया। उनका आरोप है कि इतनी बड़ी त्रुटि अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

 

गौरतलब है कि बीते कुछ समय से सतना के कुछ निजी अस्पतालों पर मरीजों और उनके परिजनों द्वारा इलाज में लापरवाही, अधिक बिल वसूली और अव्यवस्थाओं जैसे आरोप लगातार सामने आते रहे हैं। ऐसे में सार्थक हॉस्पिटल का यह मामला भी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और निजी अस्पतालों की जवाबदेही को लेकर कई सवाल खड़े कर रहा है।

मामले में सीएसपी देवेंद्र सिंह ने कहा कि परिजनों ने एक्सपायरी दवा या इंजेक्शन लगाने से नवजात की मौत होने की शिकायत की है। शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही या दोष सामने आता है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Amit Mishra
Author: Amit Mishra

Group Editor, Rewanchal Roshni News Group

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!