Edition

महिला खेल महोत्सव से खेल संस्कृति को मिला बढ़ावा, प्रतिभाओं को मिला नया मंच

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रायपुर

राज्य सरकार महिलाओं को खेल सहित प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत: रामविचार नेताम

प्रदेश में महिलाओं की खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और खेल संस्कृति को मजबूत बनाने की दिशा में बलरामपुर जिले में आयोजित ‘खेलेगा बलरामपुर, बढ़ेगा बलरामपुर’ अभियान के तहत महिला खेल-कूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही। विकासखंड बलरामपुर स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल ग्राउंड में आयोजित प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न गांवों से पहुंची महिला प्रतिभागियों ने 100 एवं 200 मीटर दौड़, रिले रेस, लंबी कूद, खो-खो, कबड्डी और रस्साकशी जैसी स्पर्धाओं में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रदेश के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को खेल सहित प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को पहचान दिलाने के साथ उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवन का आधार हैं। निरंतर अभ्यास और समर्पण से खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकते हैं।

मंत्री नेताम ने खिलाड़ियों से संवाद करते हुए उन्हें भविष्य में भी खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के समापन पर विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र, शील्ड, मेडल एवं सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

आयोजन की विशेष पहल के रूप में महिला प्रतिभागियों को एक-एक पौधा वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। प्रतिभागियों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया गया, जिससे खेल के साथ सामाजिक सरोकारों को भी बढ़ावा मिल सके।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष  हिरामुनी निकुंज, रेडक्रॉस सोसाइटी अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य कृष्णा गुप्ता, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष  पुष्पा नेताम, कलेक्टर  चंदन संजय त्रिपाठी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में महिला प्रतिभागी उपस्थित रहे।

Aditya
Author: Aditya

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!