सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में जनपद पंचायत मझगवां के उपयंत्री (सब इंजीनियर) सतीश समेले को आखिरकार निलंबित कर दिया गया है। कुछ दिन पहले उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें वे निजी व्यक्तियों के साथ बंदूक लेकर सड़क एवं पुलिया निर्माण कार्य का निरीक्षण करते दिखाई दिए थे। सरकारी अधिकारी के इस आचरण को लेकर जिलेभर में सवाल उठे थे।
वीडियो वायरल होने के बाद जिला पंचायत सीईओ शैलेंद्र सिंह ने मामले का संज्ञान लेते हुए उपयंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। साथ ही शस्त्र लाइसेंस की शर्तों के संभावित उल्लंघन को लेकर जिला दंडाधिकारी को भी पत्र भेजा गया, जिसके आधार पर अलग से नोटिस जारी किया गया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि सतीश समेले के खिलाफ केवल बंदूक लेकर निरीक्षण करने का मामला ही नहीं था, बल्कि कर्मचारियों से दुर्व्यवहार, सरपंचों और सचिवों को प्रताड़ित करने तथा विकास कार्यों में लापरवाही की कई शिकायतें भी पहले से लंबित थीं। दोनों नोटिसों के जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर जिला पंचायत सीईओ ने तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया।
निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और साक्ष्यों को प्रभावित होने से रोकने के उद्देश्य से सतीश समेले को ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) के कार्यपालन यंत्री कार्यालय से संबद्ध किया गया है। जिला पंचायत सीईओ शैलेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायतों की विस्तृत जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बाइट: शैलेंद्र सिंह, सीईओ, जिला पंचायत सतना।









