Edition

गढ़िया मोड़ पर फिर बड़ा हादसा: बोनांजा स्कूल बस की टक्कर से युवक घायल, यातायात व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सतना। शहर के गढ़िया मोड़ चौराहे पर एक बार फिर भीषण सड़क हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोनांजा स्कूल की बस (क्रमांक MP19 ZL 8203) ने एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। आरोप है कि हादसे के बाद बस चालक मौके पर रुके बिना बस लेकर निकल गया।

इस घटना के बाद गढ़िया मोड़ की यातायात व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। वार्ड पार्षद शाद अमित अवस्थी ने आरोप लगाया कि पिछले कई महीनों से वे इस चौराहे को दुर्घटना संभावित बताते हुए यातायात डीएसपी, नगर निगम आयुक्त और प्रशासनिक अधिकारियों को लगातार लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत कराते रहे हैं। उन्होंने मांग की थी कि यहां स्थायी रूप से यातायात पुलिस की तैनाती की जाए, डिवाइडर लगाए जाएं या कोई अन्य प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए, ताकि हादसों पर रोक लग सके। लेकिन प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

पार्षद का कहना है कि गढ़िया मोड़ ऐसा चौराहा है, जहां वाहनों की रफ्तार अधिक रहती है और हर दूसरे दिन दुर्घटनाएं होती हैं। यदि समय रहते सुरक्षा उपाय किए गए होते, तो कई हादसों को टाला जा सकता था।

स्थानीय लोगों ने भी मांग की है कि इस चौराहे को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित बनाया जाए। उनका कहना है कि केवल वाहन चेकिंग अभियान चलाने से यातायात व्यवस्था नहीं सुधरेगी, बल्कि दुर्घटना संभावित स्थानों पर पुलिस बल और ट्रैफिक नियंत्रण की व्यवस्था जरूरी है।

लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि यातायात पुलिस शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था बनाने के बजाय वाहन चेकिंग अभियान में अधिक व्यस्त रहती है। उनका कहना है कि सिविल लाइन चौराहे पर अक्सर बाहरी राज्यों के वाहनों को रोककर कार्रवाई की जाती है, जबकि दुर्घटना संभावित चौराहों पर यातायात प्रबंधन की ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा।

वहीं, स्थानीय नागरिकों ने स्कूल बसों की तेज रफ्तार पर भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि अक्सर स्कूल बसें तेज गति से संचालित होती देखी जाती हैं, जबकि उनमें छोटे-छोटे बच्चे सवार रहते हैं। लोगों का कहना है कि स्कूल प्रबंधन और बस संचालकों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे और निर्धारित गति सीमा का सख्ती से पालन कराया जाए।

प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि हादसे के समय स्कूल बस सड़क के बीचों-बीच चल रही थी, जिसके कारण दुर्घटना हुई। हालांकि, इस संबंध में पुलिस जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

 

 

Amit Mishra
Author: Amit Mishra

Group Editor, Rewanchal Roshni News Group

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!