दुर्घटना संभावित स्थलों का लिया जायजा, संकेतक, स्पीड ब्रेकर और प्रकाश व्यवस्था प्राथमिकता से दुरुस्त करने के निर्देश……

सतना, 3 जुलाई। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस और पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह ने मझगवां बायपास रोड तथा चित्रकूट मोड़ घाट का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क निर्माण की प्रगति, यातायात की स्थिति, तीव्र मोड़ों पर सुरक्षा इंतजाम, संकेतक बोर्डों की उपलब्धता तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का बारीकी से अवलोकन किया। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सड़क मरम्मत कार्य में तेजी लाई जाए तथा आवश्यक स्थानों पर चेतावनी संकेतक, स्पीड ब्रेकर और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और यात्रियों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।
निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने मझगवां नगर पंचायत के सभाकक्ष में चित्रकूट क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक भी ली, जिसमें विभिन्न निर्माण एवं विकास योजनाओं की प्रगति का आकलन कर अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।










