Edition

आलू-प्याज की खस्ता पूड़ी बनाने की आसान रेसिपी, हलवाई जैसा स्वाद मिलेगा घर पर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अगर सुबह के नाश्ते में आप पोहा-पराठा खाकर बोर हो जाते हैं, तो कुछ टेस्टी ट्राई करने के लिए पूड़ी बनवा लेते हैं. लेकिन कई बार सिंपल पूड़ी खाकर भी लोगों का मन ऊब जाता है. अगर आप भी सादी पूड़ी खाकर बोर हो चुके हैं और कुछ ऐसा बनाना चाहते हैं जो पूरे परिवार को पसंद आए, तो इस बार आलू-प्याज की खस्ता पूड़ी ट्राई कर सकते हैं. बाहर से गोल्डन और कुरकुरी पूड़ी में जब अंदर मसालों और आलू-प्याज का स्वाद आता है, तो सबका दिल खुश हो जाता है। 

आलू-प्याज और मसालों से भरपूर ये पूड़ियां हर निवाले में अलग ही मजा देती हैं. इन्हें सूखी सब्जी, रायता, अचार या सिर्फ गर्मागर्म चाय के साथ भी खाया जा सकता है. अच्छी बात ये है कि इस टेस्टी रेसिपी के लिए किसी खास इंग्रेडिएंट की जरूरत नहीं होती. आपकी रसोई में रखी कुछ चीजें ही इन स्वाद से भरपूर पूड़ियों को बनाने के लिए काफी हैं. चलिए जानते हैं कैसे बनाएं आलू-प्याज की खस्ता पूड़ी। 

आलू-प्याज की खस्ता पूड़ी बनाने के लिए इंग्रेडिएंट्स

    2 कप गेहूं का आटा
    1 कच्चा आलू
    1 मध्यम आकार का प्याज
    4-5 हरी मिर्च
    1 इंच अदरक का टुकड़ा
    2 लहसुन की कलियां
    1 छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर
    1 छोटी चम्मच धनिया पाउडर
    ½ छोटी चम्मच हल्दी
    स्वादानुसार नमक
    1 छोटी चम्मच तेल (आटे के लिए)
    बारीक कटा हरा धनिया
    तलने के लिए तेल

बनाने का तरीका:

1. सबसे पहले कच्चे आलू को छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लें. प्याज को भी मोटा-मोटा काट लें. अब आलू, प्याज, हरी मिर्च, अदरक और लहसुन को मिक्सी में डालकर दरदरा पीस लें. ध्यान रखें कि इन्हें पीसने के लिए पानी का ज्यादा इस्तेमाल नहीं करना है। 

2. एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा लें. इसमें आलू-प्याज का पेस्ट डाल दें. अब लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी, नमक और बारीक कटा हरा धनिया मिलाएं. इसके ऊपर से एक छोटी चम्मच तेल डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। 

3. जरूरत के अनुसार थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें. आटे को करीब 10 मिनट ढककर रख दें ताकि वो अच्छी तरह सेट हो जाए। 

4. 10 मिनट बाद आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें. इन्हें नॉर्मल पूड़ी से थोड़ा मोटा बेलें. कड़ाही में तेल अच्छी तरह गर्म करें और मीडियम आंच पर पूड़ियों को दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तल लें. तैयार पूड़ियां बाहर से खस्ता और अंदर से सॉफ्ट रहेंगी। 

किन चीजों के साथ करें सर्व?
आलू-प्याज की पूड़ियों को आप सूखी आलू की सब्जी, आम के अचार, दही, बूंदी के रायते या मसाला चाय के साथ खा सकते हैं. ये इन सभी चीजों के साथ बेहद स्वादिष्ट लगती हैं. इन्हें टिफिन या छुट्टी वाले दिन के खास नाश्ते में भी खाया जा सकता है। 

टिप: अगर पूड़ियों को ज्यादा खस्ता बनाना चाहते हैं, तो आटा थोड़ा सख्त गूंथें और पूड़ियां हमेशा मध्यम आंच पर तलें. इससे वो अच्छी तरह फूलेंगी और लंबे समय तक कुरकुरी बनी रहेंगी। 

Aditya
Author: Aditya

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!