सप्तमी पर फूड फेस्टिवल का आयोजन, 12 वर्षीय बाल कलाकार प्रत्यूष द्विवेदी की प्रस्तुति ने आकर्षित किया श्रद्धालुओं का ध्यान…..

मैहर। शारदीय नवरात्र के अवसर पर मां शारदा मंदिर प्रांगण में आयोजित नौ दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत शनिवार को सप्तमी पर भजन संध्या और फूड फेस्टिवल का आयोजन किया गया। भजन संध्या में कलाकारों ने मां शारदा की महिमा का गुणगान किया, जिससे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी और कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर मां शारदा प्रबंध समिति द्वारा संचालित वृद्धाश्रम के बुजुर्गों को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया तथा उन्हें मां शारदा की चुनरी भेंट की गई।

भजन संध्या में रीवा के कलाकार पिंकू तिवारी और अनीता तिवारी ने भजनों की प्रस्तुति दी। वहीं, सतना के 12 वर्षीय बाल कलाकार प्रत्यूष द्विवेदी ने अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम में प्रस्तुत भजनों के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।
आयोजन के साथ मंदिर परिसर में फूड फेस्टिवल भी लगाया गया, जिसमें दर्शनार्थियों ने रुचि दिखाई। नवरात्र के दौरान आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा दिया जा रहा है।









