रीवा में 4.7 किलो गांजा जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार; जावेद के खिलाफ पहले से 10 मामले दर्ज…

रीवा। शहर के बिछिया नदी किनारे लक्ष्मणबाग रोड पर गांजा बेचने की फिराक में खड़े दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी कीमत करीब 75 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान ‘प्रहार-2’ के तहत की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिछिया निवासी जावेद अहमद (39) और तकिया बिछिया निवासी मोहम्मद अहमद (21) के रूप में हुई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी…बिछिया थाना पुलिस के मुताबिक, 11 अक्टूबर की रात उप निरीक्षक आरएन बागरी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लक्ष्मणबाग रोड पर नदी किनारे दो युवक सफेद बोरी में गांजा लेकर खड़े हैं और उसे बेचने की तैयारी में हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 4 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज…थाना प्रभारी अंकिता मिश्रा ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(ख) के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। दोनों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
जावेद के खिलाफ पहले से दर्ज हैं 10 प्रकरण…पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, जावेद अहमद के खिलाफ वर्ष 2008 से 2026 के बीच कुल 10 प्रकरण दर्ज हैं। इनमें लूट, मारपीट, धमकी, आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। वर्ष 2020 में भी बिछिया थाने में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और ड्रग कंट्रोल से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस का कहना है कि अभियान ‘प्रहार-2’ के तहत नशे की बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए कार्रवाई जारी है।
#RewaNews #RewaCrime #DrugSeizure #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni








