सतना के रामस्थान में 20 एकड़ सरकारी जमीन कब्जामुक्त, सात दुकानें सीज…

सतना। जिले की रघुराजनगर तहसील के रामस्थान में प्रशासन ने बुधवार को सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। करीब 20 एकड़ जमीन को कब्जे में लिया गया है। प्रशासन के अनुसार, जमीन की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपए है। इस जमीन पर बनाई गईं सात पक्की दुकानों को भी सीज कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायत मिलने के बाद रघुराजनगर तहसीलदार सौरभ मिश्रा और नायब तहसीलदार सुजीत नागेश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। राजस्व अमले ने जमीन का निरीक्षण कर कब्जे चिह्नित किए और कार्रवाई शुरू की। यह पूरी कार्रवाई करीब तीन घंटे तक चली।
पंचायत निधि से निर्माण का किया गया था दावा…कार्रवाई के दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच सोमेंद्र सिंह ने अधिकारियों को बताया कि सात दुकानों का निर्माण पंचायत निधि से कराया गया है। इस दावे की जांच के लिए तहसीलदार ने जनपद पंचायत के सीईओ से जानकारी ली।
जांच में दुकानों के निर्माण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति (AS) और तकनीकी स्वीकृति (TS) जारी होने की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद प्रशासन ने सातों दुकानों को सीज कर दिया।
प्रशासन ने जमीन अपने कब्जे में ली…राजस्व विभाग की टीम ने कार्रवाई पूरी करते हुए करीब 20 एकड़ सरकारी जमीन को अपने कब्जे में ले लिया। प्रशासन की इस कार्रवाई को सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ की गई कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।
#SatnaNews #GovernmentLand #EncroachmentRemoval #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









