सतना में युवक पर चाकू से हमला, 12 घंटे में 2 आरोपी गिरफ्तार; पैदल जुलूस निकालकर कोर्ट में पेश किया, जेल भेजे गए….

सतना के डालीबाबा चौक के पास पुराने विवाद को लेकर एक युवक पर चाकू से हमला करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों को घटनास्थल से थाने तक पैदल लेकर पहुंची। इसके बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। हमले में घायल युवक का जिला अस्पताल में इलाज कराया गया।
पुराने विवाद में गाली-गलौज के बाद चाकू से हमला….पुलिस के मुताबिक, अजमल खान (24) सोमवार रात अपने दोस्त के साथ बाइक से पन्नीलाल चौक जा रहा था। इसी दौरान डालीबाबा चौक पर बेटू उर्फ तालिब मंसूरी (25) ने पुराने विवाद को लेकर उससे गाली-गलौज शुरू कर दी। अजमल ने विरोध किया तो विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि तालिब ने अपने साथी विराट बिंद (25) और कृष्णा के साथ मिलकर अजमल पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
दो आरोपी गिरफ्तार, दो अन्य की तलाश….घायल अजमल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके बयान के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और 12 घंटे के भीतर विराट बिंद और तालिब मंसूरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों आरोपियों को घटनास्थल से थाने तक पैदल लेकर पहुंची।
इसके बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है और प्रकरण में आगे की कार्रवाई जारी है।
#SatnaNews #CrimeNews #SatnaPolice #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni








