पन्ना में बाइक से शराब ले जा रहे 2 आरोपी गिरफ्तार, 100 पाव देशी शराब जब्त….

दहलान चौकी के पास आबकारी विभाग की कार्रवाई; बिना नंबर की मोटरसाइकिल समेत 72,600 रुपये की संपत्ति जब्त…

पन्ना जिले में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग ने बाइक से देशी शराब ले जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सोमवार, 26 अक्टूबर को आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश पाण्डेय ने पन्ना-अजयगढ़ मार्ग पर दहलान चौकी के पास बिना नंबर की मोटरसाइकिल को रोककर जांच की। इस दौरान बाइक से 100 पाव यानी 18 बल्क लीटर देशी शराब बरामद हुई।
शराब और मोटरसाइकिल जब्त….कार्रवाई के दौरान अतुल पाल और सत्यम तिवारी को पकड़ा गया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दोनों पन्ना में रहते हैं और क्रमशः टीकमगढ़ तथा छतरपुर के निवासी बताए गए हैं। आबकारी विभाग ने शराब और मोटरसाइकिल सहित कुल 72,600 रुपये की संपत्ति जब्त की है। दोनों के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
विशेष अभियान के तहत कार्रवाई….प्रभारी कलेक्टर उमराव सिंह मरावी, जिला आबकारी अधिकारी मुकेश मौर्य और सहायक जिला आबकारी अधिकारी शंभू दयाल सिंह जाटव के नेतृत्व में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब की घटना के बाद अभियान तेज किया गया है।
विभाग के अनुसार, अभियान के तहत अब तक 72 मामले दर्ज किए गए हैं, 56 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और 618 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त की गई है।
#PannaNews #IllegalLiquor #ExciseDepartment #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









