Edition

सतना जिला अस्पताल में डस्टबिन में मिला 1.7 किलो का मृत भ्रूण, DNA जांच से होगी पहचान…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सतना जिला अस्पताल में डस्टबिन में मिला 1.7 किलो का मृत भ्रूण, DNA जांच से होगी पहचान….

सतना। सरदार वल्लभभाई पटेल जिला अस्पताल की मेटरनिटी विंग के पास डस्टबिन में मृत भ्रूण मिलने का मामला सामने आया है। भ्रूण का वजन करीब 1.7 किलोग्राम बताया गया है। अस्पताल में सफाई के दौरान गुरुवार सुबह कर्मचारियों को भ्रूण मिला। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें एक महिला डस्टबिन में कुछ डालती हुई दिखाई दी। मामले में अब DNA जांच के जरिए भ्रूण की पहचान कराने की तैयारी की जा रही है।

सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दी महिला….अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, 4 और 5 नवंबर की दरमियानी रात करीब 12:30 से 1 बजे के बीच एक महिला मेटरनिटी विंग के पास रखे डस्टबिन में कुछ डालती हुई दिखाई दी। एक कैमरे के फुटेज में महिला का चेहरा ढंका हुआ था, जबकि दूसरे कैमरे में उसका चेहरा दिखाई दिया। फुटेज के आधार पर अस्पताल प्रबंधन ने महिला के संबंध में जानकारी जुटाई।

महिला ने भ्रूण अपना होने से किया इनकार….जानकारी के अनुसार, पन्ना जिले की एक महिला को गर्भपात और प्रसव के बाद गर्भनाल बाहर नहीं निकलने (रिटेन्ड प्लेसेंटा) की शिकायत के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ड्यूटी डॉक्टर डॉ. हर्षा भठीजा को परिजनों ने गर्भ करीब तीन महीने का होने की जानकारी दी थी। हालांकि, भ्रूण का आकार देखने के बाद डॉक्टर को बताई गई गर्भावधि पर संदेह हुआ।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला से पूछताछ की गई, लेकिन उसने डस्टबिन में मिले भ्रूण को अपना होने से इनकार कर दिया। ऐसे में उसकी पहचान की पुष्टि के लिए DNA जांच कराने का निर्णय लिया गया है।

पोस्टमॉर्टम के लिए सुरक्षित रखा गया भ्रूण…अस्पताल प्रबंधन ने भ्रूण को सुरक्षित रखने के लिए मॉर्च्यूरी के डीप फ्रीजर में रखवाया। इसके बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू की गई। मामले की सूचना पुलिस को भी दे दी गई है। सिविल सर्जन डॉ. अमर सिंह ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।

DNA रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी स्थिति…सिविल सर्जन डॉ. अमर सिंह के मुताबिक, महिला का DNA सैंपल लेकर भ्रूण के सैंपल से मिलान कराया जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि डस्टबिन में मिला भ्रूण किसका है। फिलहाल अस्पताल प्रबंधन और पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रहे हैं।

#SatnaNews #DistrictHospital #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni #VindhyaNews

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!