रीवा में न्यूक्लियर प्लांट के विरोध में चिता आंदोलन, ग्रामीणों ने चिता पर बैठकर जताया विरोध…

रीवा के रोझौही में प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर प्लांट के विरोध में ग्रामीणों का चिता आंदोलन जारी है। रामशिरोमणि कोल, रामकरण प्रजापति, रामसुजान कोल और मानफेर कोल चिता पर बैठकर परियोजना का विरोध कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वे अपनी जमीन, जलस्रोत, पर्यावरण और गांव का अस्तित्व बचाने के लिए आंदोलन कर रहे हैं।
परियोजना के प्रभाव की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग…आंदोलन कर रहे ग्रामीणों को प्रस्तावित परमाणु संयंत्र से खेती, जलस्रोतों और पर्यावरण पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों की चिंता है। उनकी मांग है कि परियोजना से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं और ग्रामीणों की आपत्तियों का जवाब दिया जाए।
रामशिरोमणि कोल ने कहा कि गांव और जमीन का अस्तित्व बचाने के लिए चिता आंदोलन किया जा रहा है। वहीं, रामकरण प्रजापति ने कहा कि यह लड़ाई आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ी है। रामसुजान कोल और मानफेर कोल ने भी ग्रामीणों की सहमति और उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई की जरूरत बताई।
9 अक्टूबर को अधिकारियों के साथ हुई थी बैठक….
इससे पहले 9 अक्टूबर को सिरमौर तहसीलदार बिंदु तिवारी, एमपीआईडीसी अधिकारी यूके तिवारी, न्यूक्लियर पावर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के वैज्ञानिक और टाटा पावर के प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से बातचीत की थी। अधिकारियों ने परियोजना की जानकारी देने का प्रयास किया, लेकिन बैठक में सहमति नहीं बन सकी। विरोध के चलते बोरिंग का काम भी रुक गया।
दिवाली पर भी ग्रामीणों ने जताया था विरोध…ग्रामीणों का विरोध जल सत्याग्रह के दौरान जान गंवाने वाली विमला कोल की मृत्यु के बाद भी जारी है। दिवाली पर गांव में दीप नहीं जलाए गए थे। ग्रामीणों ने दीपों की जगह मशालें जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया था।
आंदोलनकारियों का कहना है कि परियोजना से जुड़ी आशंकाओं और मांगों का पारदर्शी तरीके से समाधान होने तक उनका विरोध जारी रहेगा।
#RewaNews #NuclearPowerPlant #MadhyaPradeshNews #VindhyaNews #RewanchalRoshni









