रीवा में 18 हजार रुपए के लिए बुजुर्ग की हत्या, खेत में 6 फीट गहरे गड्ढे में दफनाया शव…

रीवा के अतरैला थाना क्षेत्र में 60 वर्षीय लख्खू चिकवा की हत्या के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, लूना खरीदने निकले बुजुर्ग की 18 हजार रुपए लूटने के लिए गला घोंटकर हत्या की गई। इसके बाद शव को खेत में करीब 6 फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया गया था।
लूना खरीदने घर से निकले थे बुजुर्ग…चौखंडी गांव निवासी लख्खू चिकवा 6 नवंबर को 18 हजार रुपए लेकर लूना खरीदने निकले थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर पत्नी रामबाई ने तलाश शुरू की। जानकारी नहीं मिलने पर अतरैला थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। तलाश के दौरान कुरेली गांव में झाड़ियों के पास उनकी लूना मिली। पास की मिट्टी हटाने पर करीब 6 फीट गहरे गड्ढे में उनका शव दबा मिला।
18 हजार रुपए आपस में बांटे, मोबाइल भी ले गए….पुलिस के अनुसार, पूछताछ में बुद्धसेन कोल उर्फ मोहन उर्फ जोधा (22), प्रभुनाथ कोरी उर्फ लल्लली (21) और एक नाबालिग की संलिप्तता सामने आई। आरोपियों ने बुजुर्ग की हत्या कर 18 हजार रुपए आपस में बांटने की बात स्वीकार की। वे मृतक का मोबाइल भी अपने साथ ले गए थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 हजार 600 रुपए, नीले रंग का नोकिया कीपैड मोबाइल और लूना वाहन बरामद किया है। दोनों युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तारी की मांग को लेकर हुआ था चक्काजाम…शव मिलने के बाद परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चक्काजाम किया था। करीब 48 घंटे तक कार्रवाई नहीं होने पर परिजनों ने दोबारा प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। पुलिस ने सोमवार देर रात मामले का खुलासा करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी।
#RewaNews #MadhyaPradeshNews #CrimeNews #VindhyaNews #RewanchalRoshni









