मैहर में सामुदायिक भवन निर्माण को लेकर विवाद, बंदूक लेकर पहुंचे लोग; महिला सरपंच ने धमकी और अभद्रता की शिकायत की…

मैहर जिले की ग्राम पंचायत धनवाही कला में शनिवार को सामुदायिक भवन के निर्माण कार्य को लेकर विवाद सामने आया है। महिला सरपंच सुश्मा रामप्रकाश कुशवाहा ने कुछ लोगों पर बंदूक लेकर निर्माण स्थल पर पहुंचने, काम बंद कराने का दबाव बनाने और उनके साथ अभद्रता करने का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति बंदूक लेकर दिखाई दे रहा है। सरपंच ने नादन देहात थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

निर्माण कार्य शुरू होते ही पहुंच गए लोग….सरपंच की शिकायत के मुताबिक, सामुदायिक भवन का निर्माण पहले विवाद के चलते रुका हुआ था। शासन की सहमति मिलने के बाद शनिवार को दोबारा निर्माण कार्य शुरू कराया गया। इसी दौरान युवराज सिंह, ब्रजराज सिंह और रंजीत विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे। आरोप है कि ब्रजराज सिंह बंदूक लेकर आए और निर्माण कार्य बंद करने का दबाव बनाने लगे।
मारपीट और धमकी देने का लगाया आरोप…महिला सरपंच ने शिकायत में आरोप लगाया है कि मौके पर उनके साथ अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट की गई। उन्होंने जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है। सरपंच ने घटना से संबंधित वीडियो पुलिस को सौंपा है…
पुलिस कर रही वीडियो और शिकायत की जांच…सीएसपी महेंद्र सिंह के मुताबिक, सामुदायिक भवन निर्माण को लेकर कुछ लोगों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। शनिवार को कुछ लोग बंदूक लेकर निर्माण कार्य बंद कराने पहुंचे थे। पुलिस वीडियो और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
#MaiharNews #SatnaNews #MadhyaPradeshNews #CrimeNews #RewanchalRoshni








