Edition

सतना के छोटे से गांव से बॉलीवुड तक पहुंची आर्यम की आवाज, ‘आवारापन 2’ में श्रेया घोषाल के साथ प्लेबैक….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

इंदौर/सतना। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘आवारापन 2’ के गीत ‘तुम्हारे लिए’ में इंदौर के गायक आर्यम ने अपनी आवाज दी है। संगीत वासिफ अहमद ने तैयार किया है, जबकि गीत सचिन उरमृतोष ने लिखा है। इस गीत के साथ आर्यम ने बॉलीवुड में प्लेबैक डेब्यू किया और उन्हें श्रेया घोषाल के साथ गाने का अवसर मिला।

सतना जिले के छोटे से गांव गुज्हवा से निकलकर इंदौर में शिक्षा प्राप्त करने वाले आर्यम ने अपने करीब 11 वर्ष के संगीत सफर और संघर्षों की कहानी स्टेट प्रेस क्लब, म.प्र. के ‘रूबरू’ कार्यक्रम में मीडियाकर्मियों से साझा की।

आर्यम ने बताया कि बचपन से संगीत के प्रति लगाव था, लेकिन शुरुआत में परिवार और समाज से अपेक्षित समर्थन नहीं मिला। वह छिपकर गुनगुनाते थे और संगीत के जुनून के चलते कई बार डांट-मार भी सहनी पड़ी। इसके बावजूद उन्होंने संगीत का रास्ता नहीं छोड़ा।

2013 में मिला पहला बड़ा मंच… संगीत के सफर में वर्ष 2013 महत्वपूर्ण रहा। इंजीनियरिंग की पढ़ाई के दौरान उन्होंने ‘Idea Rocks India’ रियलिटी शो में हिस्सा लिया, जहां उन्हें गायक मीका सिंह के साथ गाने का अवसर मिला। इसके बाद परिवार भी उनके संगीत के प्रति जुनून को गंभीरता से लेने लगा।

इसी दौरान कॉलेज के एक मित्र के माध्यम से उनकी मुलाकात संगीत शिक्षक एवं गुरु कैलाश दुबे से हुई। दुबे ने उन्हें संगीत की बारीकियां सिखाईं और नियमित रियाज के लिए प्रेरित किया। आर्यम के मुताबिक संगीत में आगे बढ़ने के लिए केवल आवाज ही नहीं, बल्कि निरंतर अभ्यास और सही मार्गदर्शन भी जरूरी है।

रियाज के लिए 6 किलोमीटर पैदल सफर.. आर्यम ने अपने संघर्ष के दिनों का एक प्रसंग साझा करते हुए बताया कि संगीत सीखने के लिए वह कई बार करीब छह किलोमीटर पैदल चलकर गुरु के पास जाते थे। रास्ते में कभी लिफ्ट मिल जाती थी, लेकिन अक्सर पूरा सफर पैदल ही तय करना पड़ता था। हारमोनियम खरीदने की स्थिति नहीं थी तो दोस्तों ने मिलकर 500 रुपये जुटाए और उनके लिए हारमोनियम खरीदा।

संगीत के शुरुआती दौर में उन्होंने छोटे-छोटे प्रोजेक्ट्स के जरिए अपना खर्च चलाया। काम कभी मिलता था और कभी नहीं, जबकि कई बार मेहनत के अनुरूप पारिश्रमिक भी नहीं मिलता था। इसके बावजूद उन्होंने संगीत को अपना सफर बनाए रखा।

कुणाल वर्मा से मुलाकात ने बढ़ाया सफर… वर्ष 2023 में गीतकार एवं संगीतकार कुणाल वर्मा से मुलाकात आर्यम के करियर का एक और महत्वपूर्ण पड़ाव बनी। वर्मा ने उन्हें संगीत जगत के कई लोगों से मिलवाया और इंडस्ट्री में काम करने की प्रक्रिया को समझने में मदद की।

करीब 11 वर्ष के संघर्ष और लगातार रियाज के बाद आर्यम को बॉलीवुड में प्लेबैक का अवसर मिला। ‘आवारापन 2’ में श्रेया घोषाल के साथ आवाज देना उनके लिए उस सपने के पूरा होने जैसा है, जिसे उन्होंने बचपन में अपनी मां के साथ देखा था।

आर्यम ने कहा, संघर्ष के टेढ़े-मेढ़े रास्तों से गुजरकर अब संगीत के खूबसूरत और सुरीले सफर पर हूं। उन्होंने बताया कि उनके 150 से अधिक गीत रिकॉर्ड होकर फिल्म निर्माताओं और संगीतकारों तक पहुंच चुके हैं। इनमें से कुछ गीत जल्द रिलीज होने की उम्मीद है।

आर्यम का ससुराल इंदौर में है। उनकी पत्नी विशाखा माहोरे भी गायिका हैं और उनके कई गीत यूट्यूब पर उपलब्ध हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत में स्टेट प्रेस क्लब, म.प्र. के अध्यक्ष प्रवीण खारीवाल, वरिष्ठ पत्रकार रचना जौहरी, सोनाली यादव एवं पुष्कर सोनी ने आर्यम का स्वागत किया। इस अवसर पर उन्हें स्टेट प्रेस क्लब, म.प्र. का प्रतीक चिन्ह भी भेंट किया गया।

Amit Mishra
Author: Amit Mishra

Group Editor, Rewanchal Roshni News Group

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!