सतना में ओवरलोड रेत से भरा हाइवा पलटा, आधे घंटे तक नीचे दबा रहा चालक…

सतना। जिले के बरौंधा थाना क्षेत्र के भियामऊ स्थित क्रेशर प्लांट में रविवार देर रात रेत से भरा ओवरलोड हाइवा पलट गया। हादसे में चालक वाहन के नीचे दब गया और करीब आधे घंटे बाद उसे बाहर निकाला जा सका। चालक को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर किया गया है।
प्रशासनिक टीम को देखकर वाहन लेकर भागने की बात…जानकारी के अनुसार, रविवार रात उत्तर प्रदेश के बांदा जिले की अतर्रा तहसील के तहसीलदार महेंद्र कुमार पांडेय अपनी टीम के साथ क्रेशर प्लांट पहुंचे थे। इसी दौरान रेत से भरा हाइवा लेकर चालक वहां से निकलने लगा। बताया जा रहा है कि वाहन ओवरलोड था। कुछ दूरी पर हाइवा अनियंत्रित होकर पलट गया और चालक उसके नीचे दब गया।
हादसे के बाद सामने आया वीडियो..घटना का वीडियो सोमवार को सामने आया है। इसमें कुछ लोग वाहन के नीचे फंसे चालक को बाहर निकालने का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों की मदद से चालक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद क्रेशर प्लांट के कर्मचारियों और प्रशासनिक टीम के बीच कहासुनी की बात भी सामने आई है।
पुलिस ने शुरू की जांच…बरौंधा थाना प्रभारी अभिनव सिंह के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच कर रही है। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। घायल चालक के बयान लेने के लिए भी टीम भेजी गई है।
वहीं, अतर्रा एसडीएम शैलेन्द्र मिश्रा ने बताया कि तहसीलदार से घटना के संबंध में जानकारी और जवाब मांगा गया है।
#SatnaNews #RoadAccident #OverloadedTruck #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









