रीवा में बनारस से आई करीब 1 क्विंटल मिठाई जब्त, खाद्य विभाग की जांच में दूध की जगह स्टार्च और फ्लेवर के इस्तेमाल की जानकारी…

रीवा। दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने रीवा में मिलावटी और नकली मिठाइयों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नए बस स्टैंड से करीब 1 क्विंटल मिठाई और अन्य सामग्री जब्त की है। जब्त सामग्री में मिल्क केक और मावा भी शामिल हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमरीश दुबे के अनुसार, मिठाइयों के निर्माण में दूध की जगह स्टार्च और फ्लेवर का इस्तेमाल किया गया था।

बसों के जरिए बनारस से रीवा पहुंची थी खेप…जानकारी के मुताबिक, कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नए बस स्टैंड पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान गौतम ट्रैवल्स में रखी मिठाइयों और अन्य सामग्री को बरामद किया गया। बताया गया कि यह खेप बनारस से आभा ट्रैवल्स के माध्यम से भेजी गई थी और गौतम ट्रैवल्स के जरिए रीवा पहुंची थी।
मौके पर नहीं मिला संबंधित व्यापारी…कार्रवाई के दौरान मिठाई से संबंधित व्यापारी मौके पर मौजूद नहीं मिला। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाइयों और अन्य सामग्री को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए विभाग द्वारा जांच अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों से निर्धारित गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है।
#RewaNews #FoodSafety #Adulteration #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









