Edition

मैहर में 20 किलो मावा जब्त कर कराया नष्ट, मिठाई दुकानों से लिए खाद्य पदार्थों के नमूने..

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मैहर में 20 किलो मावा जब्त कर कराया नष्ट, मिठाई दुकानों से लिए खाद्य पदार्थों के नमूने…

दीपावली से पहले मिलावटी और अमानक खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने के लिए मैहर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार शाम जांच अभियान चलाया। इस दौरान मिठाई दुकानों से नमूने लिए गए। वहीं, ट्रेन से मावा लेकर पहुंचे एक विक्रेता के पास से 20 किलो मावा जब्त कर नष्ट कराया गया। लेबलिंग नियमों का पालन नहीं मिलने पर कुकिंग मीडियम के 59 पैक भी जब्त किए गए।

मिठाई दुकानों से लिए गए नमूने…कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी के निर्देश और अभिहित अधिकारी डॉ. मनोज शुक्ला के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। स्टेशन रोड स्थित एक स्वीट्स दुकान से मिठाइयों के दो नमूने जांच के लिए लिए गए।

रैपिड टेस्ट में मानकों के अनुरूप नहीं मिला मावा…टीम ने ट्रेन से मावा लेकर पहुंचे एक विक्रेता के मावे की रैपिड टेस्टिंग किट से जांच की। प्रारंभिक जांच में एक बोरे का परिणाम निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिला। इसके बाद विभाग ने 20 किलो मावा जब्त कर नष्ट कराया। विस्तृत जांच के लिए मावे के दो नमूने भी लिए गए।

लेबलिंग नियमों के उल्लंघन पर 59 पैक जब्त…पारस बिजनेस से श्री गोवर्धन जी कुकिंग मीडियम और 9AM मैंगो पिकल के नमूने लिए गए। निरीक्षण में लेबलिंग के अनिवार्य नियमों का पालन नहीं मिलने पर कुकिंग मीडियम के 200 एमएल के 54 और 500 एमएल के 5 पैक जब्त किए गए। इसके अलावा न्यू पूजा स्वीट्स और बीकानेर एक्सप्रेस से भी मिठाइयों के नमूने लिए गए।

दीपावली तक जारी रहेगा जांच अभियान…खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभिषेक बिहारी गौड़ ने बताया कि दीपावली तक खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और नमूने लेने की कार्रवाई जारी रहेगी। अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकेजिंग और लेबल की जानकारी जांचने की अपील की।

#MaiharNews #FoodSafety #AdulterationCheck #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!