मैहर में जंगली हाथी E-5 ने दो घरों को पहुंचाया नुकसान, एक की दीवार तोड़ी तो दूसरा मकान गिराया..

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से बाणसागर डैम पार कर मैहर वन मंडल की अमरपाटन रेंज में पहुंचा कॉलर आईडी युक्त नर हाथी E-5 (C-4) लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंच रहा है। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात रामनगर जनपद क्षेत्र की सेमरिया ग्राम पंचायत में हाथी ने दो घरों को नुकसान पहुंचाया। उसने अधिवक्ता संतोष पांडेय के घर की बाउंड्री दीवार तोड़ दी, जबकि मनकहरी गांव में एक ग्रामीण का कच्चा मकान गिरा दिया।
जंगल से निकलकर आबादी में पहुंचा हाथी….

जानकारी के अनुसार, हाथी ने 28-29 अक्टूबर की रात सेमरिया ग्राम पंचायत में प्रवेश किया था। दिनभर जंगल में रहने के बाद शुक्रवार रात वह आबादी क्षेत्र में पहुंचा और घरों को नुकसान पहुंचाने के बाद गोरसरी पहाड़ की ओर चला गया। घटनास्थल पर हाथी के पैरों के निशान भी मिले हैं।
गोरसरी पहाड़ क्षेत्र में मौजूदगी…अमरपाटन रेंजर प्रफुल्ल त्रिपाठी के मुताबिक, फिलहाल हाथी की मौजूदगी ग्राम पंचायत गोरसरी पहाड़ क्षेत्र में है। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया। विभाग के अनुसार, हाथी आसपास के गांवों या उनसे लगे वन क्षेत्र से गुजर सकता है।
वन विभाग ने ग्रामीणों को किया सतर्क….वन विभाग ने ग्रामीणों से अकेले जंगल में नहीं जाने और हाथी दिखाई देने पर उसके करीब जाने या पीछा करने से बचने की अपील की है। हाथी को देखने के लिए भीड़ न लगाने और उसकी मौजूदगी की सूचना तत्काल वन विभाग को देने की सलाह दी गई है।
विभाग ने महुआ और अनाज रखने वाले स्थानों पर रात में नहीं सोने तथा खेतों में खुले आसमान के नीचे रात न बिताने की भी अपील की है। ग्रामीणों से हाथी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने को कहा गया है।
#MaiharNews #WildElephant #ForestDepartment #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









