सतना के धवारी स्टेडियम का नाम स्व. शंकर प्रसाद ताम्रकार के नाम पर रखने का प्रस्ताव पास, कांग्रेस ने जताई आपत्ति…

सतना नगर निगम परिषद की बैठक में धवारी क्रिकेट स्टेडियम के नामकरण को लेकर विवाद सामने आया। बुधवार को करीब पांच घंटे चली बैठक में महापौर योगेश ताम्रकार के दिवंगत पिता स्वर्गीय शंकर प्रसाद ताम्रकार के नाम पर स्टेडियम का नाम रखने का प्रस्ताव बहुमत के आधार पर पारित कर दिया गया। कांग्रेस पार्षदों ने इस फैसले पर आपत्ति जताते हुए पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय अर्जुन सिंह के नाम पर स्टेडियम का नाम रखने की मांग की।
अर्जुन सिंह के नाम पर नामकरण की उठी मांग….बैठक के दौरान कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि पूर्व महापौर ममता पांडेय के कार्यकाल में एमआईसी से धवारी स्टेडियम का नाम पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय अर्जुन सिंह के नाम पर रखने का प्रस्ताव पारित हुआ था। कांग्रेस विधायक प्रतिनिधि राजदीप सिंह ने इस मुद्दे पर आपत्ति दर्ज कराते हुए मतदान कराने की मांग की।
28 पार्षदों के सहमति पत्र का दिया हवाला…परिषद अध्यक्ष राजेश चतुर्वेदी ने 28 पार्षदों के सहमति पत्र का हवाला देते हुए प्रस्ताव पारित होने की घोषणा की। इसके बाद बैठक में विपक्षी पार्षदों ने विरोध जताया। स्टेडियम के नामकरण को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच मतभेद सामने आए।
जर्जर स्कूल की मरम्मत में देरी पर नाराजगी….नगर निगम परिषद की बैठक में वार्ड क्रमांक 37 के जर्जर सरकारी स्कूल का मुद्दा भी उठा। भवन की खराब स्थिति के कारण बच्चों को सामुदायिक भवन में पढ़ाई करनी पड़ रही है। स्कूल की मरम्मत के लिए एस्टीमेट तैयार करने में देरी पर नगर निगम आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने नाराजगी जताई।
आयुक्त ने मामले में लापरवाही को लेकर उपयंत्री दीक्षा तिवारी को निलंबन का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। जिस समय यह मुद्दा बैठक में उठा, उस समय उपयंत्री मौजूद नहीं थीं।
#SatnaNews #SatnaMunicipalCorporation #MadhyaPradeshNews #LocalNews #RewanchalRoshni









