रामपुर बाघेलान में 260 बिजली कनेक्शनों की जांच, 43 में मिली गड़बड़ी…

सतना जिले के रामपुर बाघेलान क्षेत्र में बिजली विभाग ने बिजली चोरी रोकने और बकाया बिलों की वसूली के लिए जांच अभियान चलाया। इस दौरान 260 बिजली कनेक्शनों की जांच की गई, जिनमें 43 मामलों में अनियमितताएं सामने आईं। विभाग ने संबंधित मामलों में पंचनामा तैयार कर विद्युत अधिनियम की धारा 135 और 138 के तहत कार्रवाई की।

कटिया डालकर और मीटर बायपास कर बिजली का इस्तेमाल…जांच के दौरान कुछ उपभोक्ता सीधे बिजली लाइन से कटिया डालकर बिजली का उपयोग करते पाए गए। वहीं, बकाया बिलों के कारण कनेक्शन काटे जाने के बाद भी कुछ उपभोक्ताओं द्वारा कथित तौर पर अवैध तरीके से बिजली इस्तेमाल करने के मामले सामने आए।
विभाग के अनुसार, स्मार्ट मीटर से बिजली आपूर्ति बंद होने के बाद कटिया डालकर बिजली लेने और मीटर को बायपास करने के मामले भी जांच में मिले।
सात अधिकारियों की टीम ने चलाया अभियान…यह जांच अभियान अधीक्षण अभियंता प्रशांत सिंह और कार्यपालन अभियंता शिवम खरे के नेतृत्व में चलाया गया। कार्रवाई में सात अधिकारियों की टीम शामिल रही।
बिजली विभाग ने कहा कि बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने और बिजली का वैध कनेक्शन लेकर ही उपयोग करने की अपील की गई है।
#SatnaNews #RampurBaghelan #ElectricityTheft #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









