पन्ना के रानीबाग में एक ही रात दो घरों में चोरी, जेवर-नकदी और बर्तन ले गए बदमाश…

एक घर से लोहे की अलमारी उठाकर खेत में ले गए चोर, ताला तोड़कर निकाले गहने और 20 हजार रुपये; दूसरे घर से भी नकदी व आभूषण चोरी
पन्ना के रानीबाग इलाके में 26 और 27 अक्टूबर की दरमियानी रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। बदमाश दोनों घरों से सोने-चांदी के जेवर, नकदी और बर्तन चोरी कर ले गए। एक घर से लोहे की अलमारी उठाकर पास के खेत में ले जाया गया, जहां उसका ताला तोड़कर सामान निकाला गया। एक ही रात में दो वारदातों से क्षेत्र के लोगों में नाराजगी और असुरक्षा का माहौल है।

अलमारी खेत में मिली टूटी हुई…..पहली वारदात सुरेंद्र कुशवाहा के घर हुई। उन्होंने बताया कि वह रात करीब 12 बजे तक जाग रहे थे। सुबह उठने पर कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा हुआ था।
जांच करने पर लोहे की अलमारी पास के खेत में टूटी मिली। चोर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर और करीब 20 हजार रुपये नकद ले गए। बताया गया कि बदमाशों ने बगल वाले कमरे को भी बाहर से बंद कर दिया था, जिससे घर के लोगों को घटना का पता नहीं चल सका।
दूसरे घर से पेटी और पीतल-तांबे के बर्तन चोरी…दूसरी वारदात पास में रहने वाले छुट्टन प्रजापति के घर हुई। बदमाश घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और करीब 2 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। घर में रखी पेटी के साथ पीतल और तांबे के बर्तन भी गायब मिले। पेटी और उसका टूटा हुआ ताला घर के पास ही फेंका मिला।
एक रात में दो वारदातों से सुरक्षा पर सवाल…एक ही रात में दो घरों में चोरी होने के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल चोरी गए सामान की कुल कीमत और आरोपियों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
#PannaNews #TheftCase #CrimeNews #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









