सतना में सड़क किनारे बेहोश मिले कबाड़ कारोबारी की अस्पताल में मौत, साइलेंट अटैक की आशंका….

सतना। जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र की संग्राम कॉलोनी में कबाड़ खरीदने निकले 50 वर्षीय व्यक्ति की अचानक बेहोश होकर गिरने के बाद मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल सतना ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर साइलेंट अटैक की आशंका जताई गई है, लेकिन मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
सुबह काम पर निकले थे नरेश बंसल…मृतक की पहचान संग्राम कॉलोनी की बसोर बस्ती निवासी नरेश बंसल के रूप में हुई है। उनकी पत्नी सुनीता बंसल के मुताबिक, दोनों कबाड़ खरीदकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे नरेश रोज की तरह काम के लिए घर से निकले थे। दोपहर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को सूचना मिली कि वह संग्राम कॉलोनी में राजबली के घर के सामने सड़क किनारे बेसुध पड़े हैं।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया….सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और नरेश को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि सड़क किनारे गिरने के बाद आसपास के लोगों ने उन्हें होश में लाने का प्रयास किया था, लेकिन उनके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण...घटना की जानकारी मिलने पर कोलगवां थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। डॉक्टरों ने साइलेंट अटैक की आशंका जताई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही नरेश बंसल की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
#SatnaNews #MadhyaPradeshNews #BreakingNews #HindiNews #RewanchalRoshni









