सतना में 6.34 लाख के वेतन-एरियर घोटाले में प्रभारी BEO निलंबित, निजी खातों में भेजी गई थी सरकारी राशि….

सतना जिले के रामपुर बाघेलान विकासखंड में वेतन और एरियर भुगतान में कथित गड़बड़ी के मामले में प्रभारी ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) गरुण प्रताप सिंह को निलंबित कर दिया गया है। रीवा संभाग के आयुक्त शिलेन्द्र सिंह ने यह कार्रवाई की है। निलंबन के बाद उन्हें जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, सतना में अटैच किया गया है। मामले में जांच के दौरान 6 लाख 34 हजार 803 रुपए के संदिग्ध भुगतान का खुलासा हुआ है।
फर्जी हस्ताक्षरों से निजी खातों में भुगतान का आरोप….जांच के अनुसार, प्राचार्य के कथित फर्जी हस्ताक्षरों का इस्तेमाल कर वेतन और एरियर के नाम पर निजी व्यक्तियों के बैंक खातों में 6,34,803 रुपए भेजे गए। चार सदस्यीय जांच कमेटी की रिपोर्ट और संयुक्त संचालक लोक शिक्षण, रीवा के प्रस्ताव के आधार पर प्रभारी BEO के खिलाफ कार्रवाई की गई।
जांच में यह भी सामने आया कि गरुण प्रताप सिंह ने भुगतान संबंधी देयकों का उचित परीक्षण नहीं किया। सहयोगियों पर भरोसा करने के कारण गलत भुगतान होने की बात सामने आई है।
पहले पांच बाबू निलंबित, डाटा एंट्री ऑपरेटर की संविदा समाप्त…..इस मामले में विभाग पहले ही पांच कर्मचारियों को निलंबित कर चुका है, जबकि एक डाटा एंट्री ऑपरेटर की संविदा समाप्त करने की कार्रवाई की गई है।
सबसे पहले जिला शिक्षा अधिकारी सलोनी शर्मा ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गुलहटा के भृत्य अमित कुशवाहा को निलंबित किया था। इसके बाद डाटा एंट्री ऑपरेटर अजीत कुमार साकेत की संविदा समाप्त करने का प्रस्ताव सेडमैप को भेजा गया।
वहीं, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण, रीवा ने डीईओ कार्यालय में पदस्थ मृदुला पटेल, प्रदीप कुमार दाहिया, रण बहादुर सिंह और वीरेन्द्र कुमार त्रिपाठी को निलंबित किया था। अब प्रभारी BEO पर भी कार्रवाई की गई है।
FIR और सरकारी राशि की रिकवरी बाकी…विभागीय स्तर पर निलंबन और संविदा समाप्ति जैसी कार्रवाई हो चुकी है, लेकिन उपलब्ध जानकारी के अनुसार, मामले में अब तक FIR दर्ज नहीं हुई है। सरकारी राशि की रिकवरी की कार्रवाई भी बाकी है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि संबंधित विभाग कब तक प्राथमिकी दर्ज कराने और कथित रूप से गलत तरीके से भुगतान की गई राशि वापस लेने के लिए कदम उठाता है।
#SatnaNews #EducationScam #MadhyaPradeshNews #BreakingNews #RewanchalRoshni









