सतना कॉलेज के निलंबित पूर्व प्राचार्य पर दिव्यांग चौकीदार से 1.75 लाख रुपए लेने का आरोप, लोकायुक्त के निर्देश पर जांच तेज…

सतना के शासकीय पीएमश्री स्नातकोत्तर महाविद्यालय के निलंबित पूर्व प्राचार्य डॉ. एससी राय पर दिव्यांग चौकीदार से नौकरी के बदले 1.75 लाख रुपए लेने का आरोप लगा है। शिकायत के आधार पर लोकायुक्त के निर्देश पर जांच शुरू कर दी गई है। तीन सदस्यीय जांच कमेटी ने कॉलेज पहुंचकर संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
नौकरी से निकालने की धमकी देकर पैसे लेने का आरोप….शिकायतकर्ता दिव्यांग चौकीदार हिमांशु पाण्डेय ने 2 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री और लोकायुक्त के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि चौकीदार पद पर नियुक्ति के बाद उनसे 5.25 लाख रुपए की मांग की जा रही थी। हिमांशु के मुताबिक, नौकरी से निकालने की धमकी देकर उनके पिता से करीब 1.75 लाख रुपए लिए गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रकम के लिए लगातार दबाव बनाया गया और प्रकाश पयासी के माध्यम से भी पैसे देने के लिए कहा गया।
सोना-चांदी गिरवी रखकर रकम जुटाने का आरोप…शिकायत में हिमांशु पाण्डेय ने आरोप लगाया कि पैसों की मांग को लेकर उन्हें लगातार परेशान किया गया। उनसे कथित तौर पर कहा गया कि यदि रकम उपलब्ध नहीं है, तो घर का सोना-चांदी गिरवी रखकर पैसे जुटाएं और बाद में उसे वापस ले जाएं। शिकायतकर्ता ने इस कथित दबाव के चलते मानसिक रूप से परेशान होने की बात भी कही है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
लोकायुक्त के पत्र के बाद गठित हुई जांच कमेटी….मामले में लोकायुक्त के समक्ष प्रकरण क्रमांक 243/ई/2026 दर्ज है। लोकायुक्त भोपाल ने 10 सितंबर 2026 को सतना कलेक्टर को पत्र भेजकर जांच प्रतिवेदन मांगा था। इसके बाद कलेक्टर ने 30 सितंबर को जांच के निर्देश दिए।
मैहर कॉलेज के प्राचार्य राजेश सिंह की अगुवाई में गठित तीन सदस्यीय कमेटी ने गुरुवार को कॉलेज पहुंचकर जांच की। कमेटी में कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य एके पाण्डेय और एक महिला प्रोफेसर भी शामिल हैं।
जांच रिपोर्ट के बाद तय होगी आगे की कार्रवाई….फिलहाल मामले में शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच जारी है। जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले में आरोपों को लेकर पूर्व प्राचार्य का पक्ष सामने आने पर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
#SatnaNews #MadhyaPradeshNews #Lokayukta #EducationNews #RewanchalRoshni









