Edition

जयपुर में ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत, गोपालपुरा अंडरपास के लिए 47.87 करोड़ मंजूर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जयपुर
अगर आप भी गोपालपुरा पुलिया और उसके आस-पास की ट्रैफिक लाइटों पर हर रोज मिनटों के रूप में जिंदगी का अहम समय गंवाते हैं, तो अब राहत करीब नजर आ रही है। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) गोपालपुरा जंक्शन के नीचे चार लेन अंडरपास बनाने जा रहा है। ऊपर एलिवेटेड रोड होगी और नीचे अंडरपास। यानी ट्रैफिक को 2 मंजिलों में बांटकर रफ्तार बढ़ाने की तैयारी है। दावा है कि गुर्जर की थड़ी से जेएलएन मार्ग तक का 5 किलोमीटर का सफर 25-26 मिनट से घटकर करीब 10-11 मिनट रह जाएगा। गुरुवार को जेडीसी सिद्धार्थ महाजन की अध्यक्षता में हुई पब्लिक वर्क्स कमेटी (पीडब्ल्यूसी) की बैठक में इस अंडरपास के निर्माण प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी गई। हालांकि ट्रैफिक विशेषज्ञ भविष्य में जंक्शन पर बढ़ते दबाव को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं।

तीन माह बाद होगा काम शुरू
त्रिवेणी आरओबी की साइड से जेएलएन मार्ग की ओर बनने वाले गोपालपुरा अंडरपास के निर्माण कार्य के लिए 47.87 करोड़ रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। त्रिवेणी नगर आरओबी से उतरते ही गोपालपुरा जंक्शन की ओर आने वाली ट्रैफिक लाइट को खत्म करने के लिए एक अतिरिक्त स्लैब और एक छोटा यू-टर्न भी विकसित किया जाएगा।

जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) के एक्सईएन अमृत चौधरी ने बताया कि तीन माह बाद अंडरपास का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके बनने से वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी और वे बिना रुके गुर्जर की थड़ी से जेएलएन मार्ग तक पहुंच सकेंगे।

भविष्य में जंक्शन पर बढ़ेगा ट्रैफिक का दबाव
गुर्जर की थड़ी से त्रिवेणी नगर आरओबी तक 2.16 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड का काम फिलहाल चल रहा है। इसके बनने से रास्ते की तीन ट्रैफिक लाइटें खत्म हो जाएंगी, जबकि अंडरपास बनने से जंक्शन की लाइट भी हट जाएगी। हालांकि, इसके चलते गुर्जर की थड़ी से आने वाला पूरा ट्रैफिक सीधे गोपालपुरा बाईपास जंक्शन पर आकर थमेगा, जिससे वहां ट्रैफिक का दबाव बढ़ सकता है। वर्तमान में जंक्शन पर तीन मिनट की सिग्नल लाइट है, जो भविष्य में बढ़कर छह मिनट तक होने की संभावना है।

अंडरपास को लेकर जेडीए का प्लान
कुल लंबाई : 340 मीटर
चौड़ाई : 4 लेन (17.2 मीटर चौड़ा)
अंडरपास के ऊपर एक सर्कल बनाया जाएगा, जिससे वाहनों की आवाजाही बिना किसी रुकावट के हो सकेगी।

इन प्रस्तावों पर भी लगी मुहर
सिविल लाइंस आरओबी के नीचे स्पोर्ट्स एरीना : जेडीए इस पर 4.25 करोड़ रुपए खर्च करेगा। इसके तहत पिकल बॉल कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट और बास्केटबॉल कोर्ट विकसित किए जाएंगे। साथ ही, एक हिस्से में वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा भी तैयार होगी।
वैशाली नगर में फुटपाथ निर्माण : गांधीपथ पर फुटपाथ निर्माण कार्य पर जेडीए करीब 7 करोड़ रुपए खर्च करेगा।
कालवाड़ रोड का चौड़ीकरण : सी-जोन बाईपास से कालवाड़ रोड के चौड़ीकरण और सुधार कार्यों के लिए लगभग 42.39 करोड़ रुपए व्यय किए जाएंगे।

Aditya
Author: Aditya

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!