मैहर में कुएं में मिला 16 वर्षीय किशोर का शव, दुर्गा प्रतिमा देखने निकला था घर से; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका….
मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के पुरैना गांव में शनिवार से लापता 16 वर्षीय किशोर का शव रविवार को कुएं में मिला। किशोर शनिवार दोपहर घर से दुर्गा प्रतिमा देखने जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। तलाश के दौरान परिजनों को गांव के कुएं के पास उसके कपड़े और चप्पलें मिलीं। इसके बाद कुएं में देखने पर उसका शव पानी में दिखाई दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
दुर्गा प्रतिमा देखने जाने की बात कहकर निकला था उमंग…..
जानकारी के अनुसार, पुरैना गांव निवासी उमंग यादव (16), पिता मोनू यादव, शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे घर से निकला था। उसने परिजनों को दुर्गा प्रतिमा देखने जाने की बात कही थी। शाम होने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटा, तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
खोजबीन के दौरान परिजन गांव के एक कुएं के पास पहुंचे, जहां उमंग के कपड़े और चप्पलें पड़ी मिलीं। संदेह होने पर कुएं के भीतर देखा गया तो पानी में उसका शव नजर आया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने कुएं से निकलवाया शव…
सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से किशोर के शव को कुएं से बाहर निकलवाया गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, जांच जारी…
किशोर की मौत को लेकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे कोई आपराधिक कारण है या नहीं, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शुरुआती जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
#MaiharNews #RamNagar #SatnaNews #CrimeNews #RewanchalRoshni









