लोकायुक्त रीवा की ट्रैप कार्रवाई, कम हाजिरी को पूरा दर्ज करने के एवज में मांगे थे 3 हजार रुपये…..
सतना। लोकायुक्त रीवा की टीम ने रविवार, 18 अक्टूबर को बिरला हॉस्पिटल के सामने कार्रवाई करते हुए नगर निगम सतना के सुपरवाइजर बालकृष्ण आदिवासी को 2 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी पर सफाईकर्मी की हाजिरी पूरी दर्ज करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 15 में सफाई का काम करने वाले कर्मचारी राजकिशोर समुंद्रे ने लोकायुक्त कार्यालय रीवा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि सितंबर माह में 25 दिन काम करने के बावजूद उसकी हाजिरी कम दर्ज की गई थी। इस संबंध में सुपरवाइजर बालकृष्ण आदिवासी से बात करने पर हाजिरी दर्ज कराने के एवज में 3 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई।
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने आरोप का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा 1 हजार रुपये प्राप्त किए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त योगेश्वर शर्मा के निर्देशन में टीम गठित कर ट्रैप की कार्रवाई की गई।
रविवार को बिरला हॉस्पिटल के सामने आरोपी को शिकायतकर्ता से 2 हजार रुपये लेते हुए पकड़ा गया।
आरोपी बालकृष्ण आदिवासी नगर निगम सतना में सुपरवाइजर के पद पर पदस्थ है। लोकायुक्त टीम ने उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। कार्रवाई निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया एवं लोकायुक्त टीम द्वारा की जा रही है।