Edition

गुलाबी नगरी में गरबा-डांडिया की धूम, लहरिया-बांधनी के रंगों से सजी महारास की शाम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जयपुर
मौसम में आए बदलाव के साथ गुलाबी शहर की शाम सुहानी हो गई, वहीं गरबा और डांडिया की थाप ने माहौल में उत्साह और उमंग के रंग घोल दिए। ठंडी हवाओं के बीच रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने संगीत की धुनों पर ऐसा समां बांधा कि पूरा परिसर उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। कहीं डांडिया की खनक सुनाई दी, तो कहीं गरबा के गोल घेरे में थिरकते कदमों ने लोगों का ध्यान खींचा। शनिवार शाम राजस्थान पत्रिका की ओर से आयोजित विमल इलायची महारास डांडिया महोत्सव 2026 का आगाज इसी खुशनुमा और जोश से भरे माहौल में हुआ।

जवाहर सर्कल स्थित एंटरटेनमेंट पैराडाइज (ईपी) के ईस्ट लॉन में मां दुर्गा की आरती के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। आरती के दौरान श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा, वहीं इसके बाद संगीत की धुनें गूंजते ही उत्सव की रौनक बढ़ने लगी। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ गरबा और डांडिया में हिस्सा लिया। पारंपरिक गुजराती लोकगीतों से लेकर पंजाबी बीट्स और बॉलीवुड के लोकप्रिय गानों तक, हर धुन पर लोगों के कदम थिरकते नजर आए। युवाओं के साथ परिवारों और बच्चों ने भी नृत्य का आनंद लिया। गीतों की बदलती लय के साथ डांडिया के घेरे बनते और बिखरते रहे, जिससे पूरा लॉन जीवंत दिखाई दिया।

'ढोली तारो ढोल बाजे', 'नगाड़ा संग ढोल बाजे', 'छोगाड़ा', 'सनेड़ों' और 'ढोलिड़ा ढोल रे वगाड़' जैसे लोकप्रिय गीतों ने प्रतिभागियों में खास उत्साह भर दिया। इन धुनों पर पारंपरिक गरबा की झलक के साथ आधुनिक डांस का रंग भी देखने को मिला। रंगीन रोशनी, पारंपरिक वेशभूषा और संगीत की गूंज ने आयोजन को यादगार बना दिया। लहरिया, बांधनी और कढ़ाईदार परिधानों में सजे प्रतिभागियों की मौजूदगी ने उत्सव की खूबसूरती को और बढ़ाया। हर तरफ उल्लास, संगीत और सांस्कृतिक परंपरा का अनूठा संगम नजर आया। मौसम की गुलाबी ठंडक और डांडिया की थाप ने मिलकर जयपुर की इस शाम को खास बना दिया।

महारास में शहर के प्रमुख लोग भी पहुंचे
इस अवसर पर केजीके ग्रुप के वाइस चेयरमैन संजय कोठारी, डायरेक्टर ऑफ केजीके रियल्टी राजेश जैन, विमल ग्रुप के संजय पाठक, एसबीआइ के एजीएम संजय कुमार शर्मा, डीसीपी ट्रैफिक प्रवीण नायक और मदर डेयरी के जोनल हेड चन्दनदीप की विशेष मौजूदगी रही। जानकारी के अनुसार, मंच संचालन आरजे सूफी और आरजे सुगंधा ने किया।

महारास में महापौर, पुलिस कमिश्नर भी पहुंचे
मुख्य अतिथि महापौर सुनील कोठारी व केजीके ग्रुप के संजय कोठारी व राजेश जैन भी उपस्थित रहे। इस दौरान महापौर ने कहा कि वे पहली बार ऐसे बड़े आयोजन में शामिल हुए हैं और साथ ही इतनी एनर्जी देखकर उन्हें अच्छा लग रहा है।

लहरिया-बांधनी की चमक, डांडिया के घेरे और सेल्फी का क्रेज
महिलाएं और युवतियां कांच, सितारों, गोटे और पारंपरिक कढ़ाई से सजे परिधानों में पहुंचीं। लहरिया-बांधनी की रंगत के बीच पुरुष भी झूमे।

युवाओं ने तरह-तरह के परिधानों के साथ नृत्य किया। परिवारों, युवाओं और बच्चों की भागीदारी ने महारास की शाम को यादगार बना दिया।

इनका प्रदर्शन मनभावन
बेस्ट कपलः जतिन एंड प्रीति।
बेस्ट किडः रुद्र।
मदर डेयरी की तरफ से आदित्य वर्मा डांडिया किंग और कोमल वर्मा बेस्ट डांडिया क्वीन।

Aditya
Author: Aditya

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!