रामपुर बाघेलान बीईओ कार्यालय में वेतन-एरियर भुगतान में गड़बड़ी, 4 कर्मचारी निलंबित…

सतना जिले के रामपुर बाघेलान स्थित विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय में वेतन और एरियर की राशि निजी खातों में भेजने के मामले में चार कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। रीवा संभाग के संयुक्त संचालक लोक शिक्षण ने जांच समिति की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की। हालांकि, मामले में बीईओ अरुण प्रताप सिंह के खिलाफ फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
निलंबित कर्मचारियों में बीईओ कार्यालय की सहायक मृदुला पटेल और प्रदीप दाहिया के अलावा कृष्णगढ़ स्कूल के सहायक रणबहादुर सिंह तथा लेखापाल वीरेंद्र त्रिपाठी शामिल हैं। आरोप है कि वेतन और एरियर के भुगतान की प्रक्रिया में अनियमितताएं की गईं और राशि निजी खातों में भेजी गई।
शिकायत के बाद शुरू हुई जांच…यह मामला उदयभान चतुर्वेदी की शिकायत के बाद सामने आया। शिकायत की जांच के दौरान आईएफएमआईएस प्रणाली के माध्यम से तैयार वेतन और एरियर के बिलों में गलत भुगतान किए जाने की बात सामने आई। जांच समिति की प्रारंभिक रिपोर्ट में अलग-अलग महीनों के भुगतानों में संबंधित कर्मचारियों की भूमिका चिह्नित की गई।
रिपोर्ट के अनुसार, मृदुला पटेल की भूमिका मई, जून और जुलाई के भुगतानों में वेरिफायर के रूप में सामने आई। वहीं, प्रदीप दाहिया अगस्त, रणबहादुर सिंह जुलाई और वीरेंद्र त्रिपाठी जून के भुगतान से संबंधित प्रक्रिया में शामिल पाए गए। इन कर्मचारियों पर लापरवाही और मनमानी करने के आरोप हैं।
निलंबन के बाद अलग-अलग कार्यालयों में मुख्यालय तय...चारों कर्मचारियों को निलंबन अवधि के दौरान नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। आदेश के तहत मृदुला पटेल और प्रदीप दाहिया का मुख्यालय सोहावल बीईओ कार्यालय निर्धारित किया गया है। वहीं, रणबहादुर सिंह और वीरेंद्र त्रिपाठी को नागौद बीईओ कार्यालय में अटैच किया गया है।
बीईओ पर कार्रवाई नहीं, जांच पर नजर….जांच की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर चार कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई की गई है, लेकिन बीईओ अरुण प्रताप सिंह के खिलाफ अभी कोई कदम नहीं उठाया गया है। ऐसे में मामले में आगे की जांच और विभागीय कार्रवाई को लेकर स्थिति पर नजर बनी हुई है।
#SatnaNews #RampurBaghelan #EducationDepartment #MPNews #RewanchalRoshni









