मैहर में मां शारदा की महिमा पर काव्य पाठ, कवियों ने भक्ति और हास्य-व्यंग्य से बांधा समां..

मैहर में शारदीय नवरात्र के अवसर पर सोमवार शाम भक्ति और साहित्य का अनूठा संगम देखने को मिला। मां शारदा मंदिर के पास स्थित बंधा बैरियर प्रांगण में मां शारदा की महिमा पर आधारित काव्य पाठ आयोजित किया गया। देर रात तक चले कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आए कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से मां शारदा का गुणगान किया। गीत, कविता और हास्य-व्यंग्य की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
विधायक और कलेक्टर ने किया शुभारंभ…कार्यक्रम का शुभारंभ मैहर विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी और कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर रोशन राय, एडीएम दिव्या पटेल सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

कवियों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां…काव्य पाठ में पद्मश्री बाबूलाल दाहिया, हास्य-व्यंग्यकार रविशंकर चतुर्वेदी, कवि एवं व्यंग्यकार संतोष पांडेय ‘ओज’, रमेश प्रताप सिंह चारी, गीतकार तेजभान सिंह ‘तेज’, हास्य गीतकार तामेश्वर शुक्ल ‘तारक’ और गीत-गजलकार दीपा गौतम सहित अन्य रचनाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं।
कवियों ने अपनी रचनाओं में मां शारदा के प्रति श्रद्धा और भक्ति के भाव व्यक्त किए। वहीं, हास्य-व्यंग्य और गीतों के जरिए श्रोताओं का मनोरंजन भी किया। कार्यक्रम के दौरान कभी भक्ति रस ने माहौल को भावुक बनाया तो कभी हास्य प्रस्तुतियों ने लोगों को ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया।
शिक्षकों को श्रीफल और शॉल देकर किया सम्मानित…आयोजन के दौरान वरिष्ठ शिक्षकों को श्रीफल, शॉल और पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया गया। नवरात्र के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य मां शारदा की महिमा का गुणगान करने के साथ साहित्य और काव्य परंपरा को प्रोत्साहित करना रहा। धार्मिक आस्था और साहित्य के इस संगम ने मैहर के सांस्कृतिक माहौल को विशेष रंग दिया।
#Maihar #MaaSharda #KaviSammelan #HindiPoetry #Navratri #Satna #RewanchalRoshni









