Edition

मैहर मां शारदा मंदिर में 1 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, 650 पुलिसकर्मी तैनात….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मैहर में शारदीय नवरात्र मेले की शुरुआत, मां शारदा के दर्शन को उमड़े 1 लाख श्रद्धालु

तड़के 3 बजे खुले मंदिर के पट, जयकारों से गूंजा त्रिकूट पर्वत; मेले की सुरक्षा में 650 पुलिसकर्मी तैनात….

मैहर। मां शारदा देवी मंदिर में रविवार से शारदीय नवरात्र मेले की शुरुआत हो गई। तड़के 3 बजे मंदिर के पट खुलते ही त्रिकूट पर्वत मां शारदा के जयकारों से गूंज उठा। सुबह 4 बजे प्रधान पुजारी पवन दाऊ महाराज ने मां की विशेष आरती कर पूजा-अर्चना की। नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री की आराधना की जा रही है। दर्शन के लिए देशभर से श्रद्धालु मैहर पहुंच रहे हैं। पहले दिन अब तक करीब एक लाख भक्त मां शारदा के दर्शन कर चुके हैं।

सुबह से लगी श्रद्धालुओं की कतारें…

नवरात्र के पहले दिन सुबह से ही मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। मंदिर परिसर से लेकर दर्शन मार्ग तक भक्तों की आवाजाही बनी रही। मां के दर्शन के लिए कई श्रद्धालु करीब 1300 सीढ़ियां चढ़कर त्रिकूट पर्वत पर पहुंच रहे हैं।

बाहर से आने वाले यात्रियों की भीड़ रेलवे स्टेशन पर भी दिखाई दी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सहायता केंद्र बनाए गए हैं, जहां उन्हें जरूरी जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।

सुरक्षा व्यवस्था में 650 पुलिसकर्मी तैनात..

नवरात्र मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए 650 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिसकर्मी मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में व्यवस्था संभाल रहे हैं। प्रशासन का जोर श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से दर्शन कराने और भीड़ को नियंत्रित रखने पर है।

नौ दिनों तक होगी मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा….

प्रधान पुजारी पवन दाऊ महाराज के मुताबिक, नवरात्र के नौ दिनों में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना की जाएगी। पहले दिन मां शैलपुत्री, दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी, तीसरे दिन मां चंद्रघंटा, चौथे दिन मां कुष्मांडा, पांचवें दिन मां स्कंदमाता, छठवें दिन मां कात्यायनी, सातवें दिन मां कालरात्रि, आठवें दिन मां महागौरी और नौवें दिन मां सिद्धिदात्री की आराधना होगी।

नवरात्र मेले के शुरू होने के साथ ही मैहर में भक्तिमय माहौल बन गया है। आने वाले दिनों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मां शारदा के दर्शन के लिए पहुंचने की उम्मीद है।

#Maihar #MaaSharda #Navratri2026 #MaiharNews #SatnaNews #RewanchalRoshni

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!