सतना जेल से फरार उम्रकैद का बंदी मैहर में गिरफ्तार, 5 दिन बाद रिश्तेदार के घर से पकड़ा गया…

मैहर। सतना सेंट्रल जेल से फरार आजीवन कारावास की सजा काट रहे बंदी अच्छेलाल प्रजापति (52) को पांच दिन बाद शनिवार शाम गिरफ्तार कर लिया गया। वह मैहर जिले के अमदरा थाना क्षेत्र के घुनवारा गांव में अपने एक रिश्तेदार के घर छिपा हुआ था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर जेल प्रबंधन की टीम ने उसे पकड़कर कोलगवां पुलिस के हवाले कर दिया।
पत्नी की हत्या के मामले में काट रहा था सजा…

अच्छेलाल प्रजापति अमरपाटन के पड़क्का-नादन टोला का निवासी है। वह पत्नी की हत्या के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद 14 अक्टूबर 2014 से आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। जेल में अच्छे आचरण के चलते वर्ष 2022 से उसे गोशाला में काम करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
नित्यक्रिया का बहाना बनाकर जेल से भागा
जानकारी के अनुसार, 6 अक्टूबर को गोशाला में काम के लिए जाते समय अच्छेलाल नित्यक्रिया जाने का बहाना बनाकर जेल से फरार हो गया था। जेल से निकलने के बाद वह पैदल रेलवे स्टेशन पहुंचा और ट्रेन से अमदरा चला गया। इसके बाद उसने घुनवारा गांव में एक रिश्तेदार के घर ठिकाना बना लिया।
फरारी में मदद करने वालों की भूमिका की जांच…
बंदी की तलाश में जुटी जेल प्रबंधन की टीम को पांच दिन बाद मुखबिर से उसके ठिकाने की सूचना मिली। इसके बाद टीम ने घुनवारा पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसे आगे की कार्रवाई के लिए कोलगवां पुलिस को सौंप दिया गया है। अब पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि फरारी के दौरान किसी अन्य व्यक्ति ने उसकी मदद तो नहीं की थी।
#SatnaNews #MaiharNews #CentralJail #CrimeNews #MadhyaPradesh #RewanchalRoshni









